जम्मू कश्मीर में बिगड़े मौसम के चलते शुक्रवार को श्री अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। आधारी शिविर बालटाल और पहलगाम दोनों रूटों पर यात्रियों को आगे बढ़ने से रोका गया है। वहीं, बम-बम भोले के जयघोष से लखनपुर से लेकर कश्मीर तक माहौल शिवमय बना हुआ है। अमरनाथ यात्रा के लिए देश दुनिया से रोजाना हजारों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। इस बीच वीरवार को 17202 यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। वहीं यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 84,768 श्रद्धालु दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।एक अधिकारी ने बताया, यात्रा सुबह अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। किसी भी तीर्थयात्री को पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

3,200 से अधिक तीर्थयात्रियों को नुनवान, पहलगाम आधार शिविर में और 4,000 तीर्थयात्रियों को बालटाल आधार शिविर में रोका गया है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी।अधिकारी ने बताया कि तीन सौ से अधिक  तीर्थयात्रियों फर्जी पंजीकरण पाया गया है। इसके बाद जम्मू में ऑन-द-स्पॉट काउंटरों पर नए पंजीकरण के बाद उन्हें यात्रा करने की इजाजत दी गई है। वहीं, पुलिस ने फर्जी पंजीकरण मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।शुक्रवार को जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर से 7,010 तीर्थयात्रियों का 8वां जत्था 247 वाहनों में सवार होकर घाटी की ओर रवाना हुआ। हालांकि खराब मौसम के चलते यात्रियों को फिलहाल रामबन के चंद्रकोट में रोक दिया गया है। यहां से श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता आदि की व्यवस्था भी की गई है। मौसम के अनुकूल होने के बाद यात्रियों को आगे कश्मीर घाटी की तरफ रवाना किया जाएगा।