भारत संयुक्त राष्ट्र महासचिव (UNSG) एंटोनियो गुटेरेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए निमंत्रण को स्वीकार करते हुए ग्लोबल क्राइसिस रिस्पांस ग्रुप (GCRG) के चैंपियंस ग्रुप में शामिल हो गया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई है।खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा और वित्त में परस्पर जुड़े संकटों से संबंधित तत्काल और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों को संबोधित करने और वैश्विक प्रतिक्रिया के समन्वय के लिए मार्च 2022 में UNSG द्वारा ग्लोबल क्राइसिस रिस्पांस ग्रुप (GCRG) की स्थापना की गई थी। GCRG की देखरेख चैंपियंस ग्रुप द्वारा की जाती है जिसमें बांग्लादेश, बारबाडोस, डेनमार्क, जर्मनी, इंडोनेशिया और सेनेगल के एचओएस/एचओजी शामिल हैं।इस समूह में शामिल होने का निर्णय भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व और समकालीन वैश्विक चुनौतियों से निपटने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत की भागीदारी से दुनिया, विशेषकर विकासशील देशों को प्रभावित करने वाले विकासात्मक मुद्दों पर परिणामोन्मुख समाधान खोजने में संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों को और बढ़ावा मिलेगा।